नई दिल्ली, 11 अक्टूबर।
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई में सोने की तस्करी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। “ऑपरेशन गोल्डन स्वीप” के तहत डीआरआई अधिकारियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कार्रवाई करते हुए 10.5 किलोग्राम सोना जब्त किया है। बरामद सोने की कीमत लगभग 12.58 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें विदेशी नागरिक और एयरपोर्ट कर्मचारी भी शामिल हैं।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि दुबई से मुंबई आने वाले ट्रांजिट यात्रियों के जरिए सोने की तस्करी की जा रही है। इसके बाद टीम ने हवाई अड्डे पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान यात्रियों के शरीर के भीतर मोम के अंडाकार कैप्सूल में छिपाया गया 24 कैरेट सोना बरामद किया गया।

जांच में पता चला है कि यह गिरोह दुबई, मुंबई, सिंगापुर, बैंकॉक और ढाका के बीच सक्रिय था। तस्कर दुबई से ट्रांजिट यात्रियों के माध्यम से सोना मुंबई पहुंचाते थे, जहां एयरपोर्ट कर्मचारी और स्थानीय एजेंट मिलकर सोने को बाहर निकालते और रिसीवर तक पहुंचाते थे।
गिरफ्तार किए गए 13 आरोपियों में दो बांग्लादेशी, छह श्रीलंकाई नागरिक, मीट-एंड-ग्रीट सेवा के दो एयरपोर्ट कर्मचारी, दो हैंडलर और एक मास्टरमाइंड शामिल हैं। डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि तस्करी के इस नेटवर्क में हवाई अड्डे के अंदर और बाहर दोनों जगह के लोग शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि गिरोह सोने की तस्करी के लिए अत्यंत परिष्कृत तरीका अपनाता था। यात्रियों के शरीर में छिपाए गए मोम के कैप्सूल एक्स-रे जांच में आसानी से पकड़े नहीं जाते थे। गिरोह के पास सोने को बाहर निकालने और वितरण के लिए एक संगठित तंत्र मौजूद था।
डीआरआई ने बताया कि यह कार्रवाई सोना तस्करी पर कड़ी निगरानी के तहत शुरू किए गए अभियान का हिस्सा है। जांच एजेंसी का कहना है कि इस नेटवर्क का संचालन दुबई और मुंबई से बैठे मास्टरमाइंड कर रहे थे, जो अन्य देशों के माध्यम से तस्करी का रूट तैयार करते थे।
अधिकारियों ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। बरामद सोना और जब्त मोबाइल फोन, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों को जांच के लिए भेजा गया है।
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि डीआरआई की यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी नेटवर्क पर एक बड़ी चोट है। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि देश में सोना, ड्रग्स और विदेशी मुद्रा से जुड़े अपराधों पर निगरानी और सख्त की जाएगी।
