Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

मप्र में पर्यटन को नई उड़ान, मुख्यमंत्री ने निवेशकों और फिल्मी हस्तियों से की बैठक

भोपाल, 11 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को निवेशकों, फिल्म निर्माताओं और प्रसिद्ध अभिनेताओं के साथ राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट के अवसर पर आयोजित की गई थी।

बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में पर्यटन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और मध्य प्रदेश को फिल्म शूटिंग तथा वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन और फिल्म निर्माण उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए निवेशकों को हरसंभव सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति प्रदेश को देश का सबसे आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनाने की दिशा में केंद्रित है।

बैठक में फिल्म जगत से निर्माता एकता कपूर, अभिनेता गजराज राव और रघुवीर यादव शामिल हुए। इसके अलावा स्पेनिश फिल्म कमीशन की लारा मोलिना और फिल्म निर्माता अन्ना सौरा ने भी चर्चा में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने इन हस्तियों से राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राज्य के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी और मंत्री कृष्णा गौर भी उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के बाद अब सरकार राज्य के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने पर काम कर रही है।

बैठक में होटल और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रमुख निवेशक भी मौजूद रहे। इनमें इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के ईवीपी परवीन चंदर कुमार, जेट सर्व एविएशन के राम ओला, एटमॉस्फियर कोर के प्रबंध निदेशक सौभाग्य मोहापात्रा, पोस्ट कार्ड होटल्स के सह-संस्थापक अनिरुद्ध कांडपाल, ट्रेज़र ग्रुप के विनायक कलानी, एमआरवीएच रिज़ॉर्ट्स के निदेशक जीतेंद्र सिंह और सेरेनडिपिटी लेक्स एंड रिज़ॉर्ट्स के प्रबंध निदेशक डॉ. सुश्रुत बाबुलकर शामिल थे।

वेडिंग टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने इवेंट और वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों के साथ भी चर्चा की। इस समूह में पर्यटन फ्यूचर्स के नवीन कुंडू, यात्रा डॉट कॉम के राकेश राणा, इंडियन गोल्फ टूरिज्म एसोसिएशन के राजन सहगल, शेफ मंजीत गिल, लाफ्लोरेंस वेडिंग्स के विक्रमजीत शर्मा, वेडिंग एंड ट्रैवल जर्नलिस्ट श्रुति सिंह और ईएसएल इवेंट्स की एकता सहगल लुल्ला शामिल रहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वेडिंग टूरिज्म और फिल्म निर्माण के लिए नीति को और अधिक आकर्षक बनाएगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और शांत वातावरण राज्य को निवेश और पर्यटन के लिए आदर्श बनाते हैं।

पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक के बाद कई निवेशकों ने प्रदेश में होटल, रिज़ॉर्ट और वेडिंग डेस्टिनेशन प्रोजेक्ट्स में निवेश की इच्छा जताई है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि ऐसे सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *