Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

भाजपा कोर ग्रुप की 8 घंटे लंबी बैठक खत्म, आज रात NDA सीट बंटवारे पर अंतिम मुहर की संभावना

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर शनिवार को हुई पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक आठ घंटे चली। देर शाम बैठक समाप्त हो गई, और सूत्रों के मुताबिक एनडीए में सीट बंटवारे पर लगभग सहमति बन चुकी है। अब इसकी औपचारिक घोषणा आज देर रात या कल सुबह तक की जा सकती है।

बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

भाजपा नेतृत्व ने बैठक के दौरान अपने सहयोगी दलों हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से भी अलग-अलग बातचीत की। मांझी दोपहर तीन बजे जेपी नड्डा के आवास पहुंचे और करीब आधे घंटे तक चर्चा चली। वहीं, कुशवाहा लगभग डेढ़ घंटे तक बैठक में मौजूद रहे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने दोनों सहयोगी दलों को सीट शेयरिंग फार्मूले पर सहमति के लिए मना लिया है और गठबंधन का अंतिम रूप तय हो चुका है। अब केवल इसकी औपचारिक घोषणा बाकी है।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश पांडे ने बैठक के बाद कहा, “मांझी जी ने भाजपा नेतृत्व के समक्ष अपनी बात रख दी है। राजनीति में कोई स्थायी दोस्त या दुश्मन नहीं होता, हमारे लिए सभी विकल्प खुले हैं और बातचीत जारी है।”

उधर, भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक रविवार शाम सात बजे पार्टी मुख्यालय में बुलाई गई है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, महासचिव और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे। बैठक में उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।

बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को 121 सीटों पर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर तय की गई है, जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

भाजपा के सूत्रों का कहना है कि सीट बंटवारे और उम्मीदवारों की घोषणा के बाद एनडीए का पूरा चुनावी अभियान अगले हफ्ते से जोर पकड़ लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *