Friday, September 11खबर जो असर करे |
Shadow

प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजानिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित है

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश भर में चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान‘ को लेकर शुक्रवार भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित हैं। प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की इस सेवा यात्रा से जन-जन को परिचित कराने और सेवा के संस्कार को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। यह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, सुशासन और जनभागीदारी का व्यापक अभियान है। प्रधानमंत्री जी के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा व समपर्ण के 25 वर्ष जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान‘ चलाया जाएगा। भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान‘ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के मध्य 12 अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए 71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थियों तक पहुंचेगी। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों के हर लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया जाएगा। 07 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री जी के मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। 25 वर्षों तक लगातार जनता का आशीर्वाद पाना लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। प्रधानमंत्री जी के लिए सेवा केवल संकल्प नहीं, जीवन का ध्येय है और यही भाव इस अभियान की आत्मा बनेगा। जनसेवा और समर्पण के इस ऐतिहासिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ही अभियान चलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री की 25वर्षों की सेवा यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा – डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी सेवा के 25 वर्ष सत्ता के नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण के 25 वर्ष हैं। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उन्होंने प्रत्येक भूमिका में स्वयं को शासक नहीं, बल्कि जनसेवक माना है। प्रधानमंत्री जी ने सार्वजनिक जीवन को पद नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का माध्यम बनाया। इसी सेवा भाव को आगे बढ़ाना सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। प्रधानमंत्री का जीवन बताता है कि बड़ा नेतृत्व अचानक नहीं बनता। उसके पीछे बचपन के संस्कार, संघर्ष का अनुभव, समाज से निकटता, संगठन की तपस्या और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण होता है। गुजरात के वडनगर के एक साधारण परिवार में जन्मे प्रधानमंत्री जी ने बचपन से अभाव, परिश्रम और सामान्य जनजीवन को करीब से देखा है। यही कारण है कि समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदना उनके व्यक्तित्व का स्वाभाविक हिस्सा बनी। प्रधानमंत्री जी को माताजी से मिले सादगी, श्रम, अनुशासन और ईमानदारी के संस्कारों ने उनके व्यक्तित्व को मजबूत किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क ने उनके भीतर सेवा, अनुशासन, राष्ट्रप्रथम और समाज के बीच रहकर काम करने की भावना को संगठित दिशा दी। प्रचारक जीवन में उन्होंने गांव-गांव, प्रदेश-प्रदेश प्रवास किया। उन्होंने समाज के अलग-अलग वर्गों की पीड़ा, अपेक्षा और शक्ति के साथ समाज की विविधता, समस्याओं और उसकी शक्ति को समझने का अवसर दिया। यही अनुभव आगे चलकर उनके नेतृत्व की बड़ी ताकत बना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर बढ़ाया अपना प्रभाव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर आत्मविश्वास और गौरव के साथ आगे बढ़ रहा है। वैश्विक परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, भारत आज अपने हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वतंत्र निर्णय लेने में सक्षम हुआ है। वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद भारत की आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत है, यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और मजबूत आर्थिक नीतियों का परिणाम है। 40 से अधिक देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों की दिशा में आगे बढ़ते हुए भारत ने वैश्विक व्यापार में अपनी स्थिति को मजबूत किया है। डिजिटल भुगतान और डिजिटल करेंसी के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत की डिजिटल व्यवस्था को दुनिया में व्यापक स्वीकार्यता मिली है। विभिन्न देशों के साथ भारतीय मुद्रा में व्यापार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अनुच्छेद 370 को समाप्त करने से लेकर जीएसटी लागू करने तक अनेक ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल में हुए हैं। प्रधानमंत्री जी ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश के महापुरुषों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अधोसंरचना, उद्योग, निवेश, रोजगार, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के साथ मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है।

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में नक्सलवाद को मध्यप्रदेश से समाप्त कर दिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने। प्रधानमंत्री जी की संवैधानिक यात्रा 25 वर्षों के ऐतिहासिक पड़ाव तक पहुंची है। वे लगभग 12 वर्ष 7 महीने गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और लगातार चार कार्यकालों में जनता का विश्वास प्राप्त किया। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने बिजली, पानी, कृषि, उद्योग, निवेश और प्रशासनिक सुधारों के माध्यम से शासन को गति, परिणाम और जनविश्वास से जोड़ा। गुजरात में मिली प्रशासनिक सीख और अनुभव ने आगे चलकर उनके राष्ट्रीय नेतृत्व की मजबूत नींव तैयार की। स्पष्ट नीति, तेज निर्णय और परिणाम आधारित शासन उनकी कार्यशैली की पहचान बने। वर्ष 2014 में देश ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में स्वीकार किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उनके व्यक्तित्व का मूल भाव नहीं बदला। प्रधानमंत्री जी ने स्वयं को ‘प्रधान सेवक’ कहा और सेवा को शासन की कार्यशैली का आधार बनाया। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में रखा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर नल से जल, आयुष्मान भारत, मुफ्त खाद्यान्न और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन को प्रभावित किया है। स्वच्छ भारत अभियान ने केवल स्वच्छता का संदेश ही नहीं दिया, बल्कि जनभागीदारी की एक नई संस्कृति विकसित की। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के कठिन दौर में भी भारत ने अपनी क्षमता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। गरीब परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाया गया और देशवासियों को बड़े स्तर पर मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराई गई। संकट के समय देश को भरोसा देने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत भूमिका निभा रहा है। देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आतंकवाद देश से समाप्ति की ओर है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने नक्सलवाद को पूरी तरह से समाप्त कर चुकी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने नए अवसर और नई ऊर्जा प्रदान की है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से लेकर लखपति दीदी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम तक अनेक महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का संकल्प मजबूत हुआ है। सौर और नवकरणीय ऊर्जा के विस्तार, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा मेडिकल और उच्च शिक्षा संस्थानों के विस्तार से देश में नई संभावनाएं बनी हैं।

प्रधानमंत्री जी के विजन को मध्यप्रदेश में धरातल पर उतार रही भाजपा सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन को धरातल पर उतारने का कार्य मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार कर रही है। मध्यप्रदेश महानगर क्षेत्र नियोजन एवं विकास अधिनियम के माध्यम से मध्यप्रदेश में दो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों के विकास की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया है। इससे शहरी विकास और क्षेत्रीय अधोसंरचना को नई गति मिलेगी। लंबे समय से लंबित अधिकारियों-कर्मचारियों के पदोन्नति संबंधी मामलों के निराकरण की दिशा में भी सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रदेश की सबसे बड़ी ताकतों में हमारी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत शामिल है। महाकाल, ओंकारेश्वर, चित्रकूट, ओरछा, अमरकंटक, सांची और खजुराहो केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता और संस्कृति के जीवंत केंद्र हैं। पर्यटन को केवल होटल और सड़क के रूप में नहीं, बल्कि संस्कृति, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़कर देखने की आवश्यकता है। प्रदेश में इंदौर और जबलपुर में गीता भवनों की शुरुआत भी हमारी सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। रीवा, ओंकारेश्वर, मुरैना, आगर और नीमच की परियोजनाएं प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को नई दिशा दे रही हैं। हमारा लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक प्रदेश की ऊर्जा खपत का बड़ा हिस्सा नवकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरा हो। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में प्रदेश सरकार की भी सक्रिय भागीदारी है। अभियान के अंतर्गत सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार और प्रधानमंत्री जी की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ता मिलकर सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाएंगे। प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सेवा-सफर से प्रेरणा लेकर हम मध्यप्रदेश को विकसित, समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को और मजबूत करेंगे।

विकास, रोजगार, निवेश के साथ आत्मनिर्भर प्रदेश के निर्माण की दिशा में बढ़े कदम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार गरीब कल्याण, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा, विकास और अधोसंरचना निर्माण को प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को धरातल पर मजबूत कर रही है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के आर्थिक आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी सरकार लगातार कार्य कर रही है। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत मध्यप्रदेश सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय और नवाचार किए हैं। कृषि भूमि के भू-अर्जन पर किसानों को बाजार दर का चार गुना मुआवजा देने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश में सिंचाई क्षमता बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर हो गई है और इसे 100 लाख हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है। किसानों को पांच रुपये में स्थायी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। साथ ही, नए नियमों के तहत वक्फ बोर्ड का गठन करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य बना है।

कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई, दुग्ध उत्पादन भी बढ़ाया जा रहा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में करीब एक लाख अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई है। 85 हजार शासकीय पदों पर भर्तियां की जा रही हैं, जबकि ढाई लाख पदों पर आने वाले समय में भर्ती किए जाने की तैयारी है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और संकलन को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 12 लाख किलोग्राम दुग्ध संकलन की उपलब्धि दर्ज हुई है और इसे बढ़ाकर 50 लाख लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया है। मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। निवेश और रोजगार के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मध्यप्रदेश एक वर्ष में सर्वाधिक निवेश लाने वाले देश के तीसरे राज्य के रूप में सामने आया है। मध्यप्रदेश को अब तक लगभग 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। अधोसंरचना के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। रीवा, दतिया और सतना हवाई अड्डों के लोकार्पण के बाद प्रदेश में हवाई अड्डों की संख्या आठ हो गई है। उज्जैन हवाई अड्डे के विकास के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे आने वाले समय में प्रदेश को एक और हवाई अड्डे की सुविधा मिलेगी। वर्षों से लंबित केन-बेतवा लिंक परियोजना का भूमिपूजन हुआ है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान और केंद्र सरकार के बीच त्रिपक्षीय समझौता हुआ है। इस परियोजना से प्रदेश के दस जिलों को लाभ मिलेगा। मध्यप्रदेश महानगर क्षेत्र नियोजन एवं विकास अधिनियम को स्वीकृति मिलने के बाद प्रदेश में दो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों के विकास की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। पहला मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र इंदौर-उज्जैन-देवास-धार तथा दूसरा भोपाल-सीहोर-रायसेन-विदिशा-ब्यावरा क्षेत्र को शामिल करते हुए विकसित किया जाएगा। इससे शहरी विकास और क्षेत्रीय अधोसंरचना को नई गति मिलेगी। मध्यप्रदेश की संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत उसकी सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। रीवा, ओंकारेश्वर, मुरैना, आगर और नीमच की परियोजनाएं प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को नई दिशा दे रही हैं। प्रदेश का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक ऊर्जा खपत का 50 प्रतिशत हिस्सा नवकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरा किया जाए।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है -हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में लगातार 25 वर्षों तक जनता का आशीर्वाद पाना लोकतांत्रिक इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जब देश के प्रधान सेवक का कार्य संभाला, तब देश पॉलिसी पैरालिसिस और निराशा के दौर से गुजर रहा था, लेकिन आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा व समपर्ण के 25 वर्ष जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान‘ चलाया जाएगा। अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, सेवा कार्य, प्रदर्शनियां, संवाद एवं जनसंपर्क समेत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सेवा का संकल्प लेकर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री जी ने 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकाला और 4.5 करोड़ से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास दिया। 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण, 200 करोड़ से अधिक मुफ्त कोविड टीके, और 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि 80 करोड़ नागरिकों को निःशुल्क राशन और देश को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। मध्यप्रदेश में नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हो गया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से नीति निर्धारण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। प्रधानमंत्री जी को मिले 37 अंतर्राष्ट्रीय सम्मान 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य का प्रतीक हैं।

71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थी परिवारों के घर प्रज्वलित होगा आशीर्वाद का दीया
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प अभियान‘ का शुभारंभ करने के साथ इसी दिन शाम 7 बजे प्रदेश के सभी 71 हजार से अधिक बूथों के हर लाभार्थी परिवारों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूलों में ‘विकसित भारत‘ विषय पर चित्रकारी व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। नमो सेवा-अनकही कहानियां कार्यक्रम के तहत 15-20 मिनट के संगीतमय नाटकों व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के जीवन और योजनाओं को गांव-गांव, स्कूल, कॉलेज व चौपालों तक पहुंचाया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होंगे, जहां कार्यकर्ताओं व आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

प्रदेश के सभी 11404 शक्ति केंद्रो पर सेवा की कहानियों करेंगे साझा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश के सभी 11404 शक्ति केंद्रों में सेवा की कहानी कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री जी की योजनाओं के लाभार्थियों की न्यूनतम 10-10 वास्तविक कहानियों (रील्स) को सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा। 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री जी के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हर जिले और गांव में पदयात्रा, साइकिल व बाइक रैलियां निकाली जाएंगी, जो एक मुख्य स्थल पर मिलकर ‘विकसित भारत-2047‘ का सामूहिक संकल्प लेंगी। गुजरात के वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर 250 बाइकों पर 500 यात्री जल लेकर वाराणसी (काशी विश्वनाथ) के लिए 10 अलग-अलग समूह में प्रस्थान करेंगे। इसी तरह वाराणसी से इतने ही यात्री 10 अलग-अलग समूह में वडनगर के लिए निकलेंगे। इन 20 यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्य प्रदेश से होकर गुजरेंगी। वहीं सेवा मेरा योगदान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता व आमजन 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में कम से कम 25 मिनट का श्रमदान करेंगे। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर‘ लगाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा के रंग राष्ट्र के संग कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्राकृतिक रंगों, फूल, बीज, मिट्टी, चावल का उपयोग कर ‘ह्यूमन रंगोली‘ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन, सेवा, संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सेवा सुशासन संवाद 17 अक्टूबर को देशभर का एक कार्यक्रम होगा, जिसमें ग्राम पंचायत के पंच, सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री तक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रदेश टोली का गठन किया गया है। साथ ही अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए समन्वय टोलियां बनाई गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *