
कोरबा, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में देर रात एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के एक गाँव की है। रविवार देर रात करीब 12 बजे, नाबालिग बालिका घर से शौच के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान गाँव के ही एक किशोर ने सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए बालिका को जबरन खींचकर घर से दूर ले गया, जहाँ उसने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इधर, देर रात बालिका के घर न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बालिका रोती और सहमी अवस्था में मिली। परिजनों के पूछने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तत्काल पीड़िता को लेकर बांकीमोंगरा थाना पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच जारी है।
