Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

स्वर्गीय आरक्षक के परिवार को मिला एक करोड़ रुपये का बीमा चेक

जांजगीर-चांपा, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। चांपा थाना में कार्यरत रहे स्वर्गीय आरक्षक प्रहलाद दिनकर की पत्नी को आज पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। यह सहायता पुलिस विभाग की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाती है।

उल्लेखनीय है कि आरक्षक प्रहलाद दिनकर का 16 सितंबर 2025 को रात्रि ड्यूटी समाप्ति के बाद घर लौटते समय लच्छनपुर चौक, मेन रोड पर हुए सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। इस घटना के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के सतत प्रयासों के बाद आज सोमवार 2 फरवरी 2026 को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, जांजगीर की नैला शाखा के शाखा प्रबंधक रवि शर्मा एवं उनके वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत 1 करोड़ रुपये का बीमा चेक स्वर्गीय आरक्षक की पत्नी को सौंपा गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा तथा बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

पुलिस विभाग द्वारा दी गई इस आर्थिक सहायता को स्वर्गीय आरक्षक प्रहलाद दिनकर के परिवार के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, जिससे उनके भविष्य की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *