Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा रिमांड पर

रायगढ़, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। जिले के थाना पुसौर पुलिस ने एक नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ करने के आरोप में फरार आरोपी को धर दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले लगभग एक महीने से पुलिस की नजरों से बच रहा था।

पीड़ित बालिका ने 28 दिसंबर 2025 को थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने बताया कि वह अपनी सहेली के साथ स्कूटी से स्कूल जाती थी। स्कूल जाते समय मनोज खड़िया नामक युवक उसका पीछा कर अश्लील इशारे करता रहा, जिसे उसने नजरअंदाज किया।

27 दिसंबर 2025 को जब वह अपनी सहेली के साथ बाजार जा रही थी, तब आरोपी ने उनके पास आकर मोबाइल नंबर मांगा। बालिका के मना करने पर उसने उसका बायां हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। बालिका के विरोध करने पर आरोपी मौके से भाग निकला।

पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 351/2025 धारा 75(2), 78(1), 12 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी की खोज शुरू की गई। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी रामकिंकर यादव द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।

आज सोमवार को आरोपी के गांव में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। आरोपी मनोज कुमार खड़िया (उम्र 20 वर्ष) निवासी पुसौर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *