
अशोकनगर, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की।
सिंधिया ने यहाँ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में अशोकनगर के विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने जिले में रोजगार, सिंचाई और इंफ्रास्ट्रक्चर सहित कई क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी।
बैठक के दौरान, सिंधिया ने जिले के समग्र विकास, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनसेवा की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। स्वास्थ्य, शिक्षा, जल आपूर्ति, अधोसंरचना, रोजगार, उद्योग और नगरीय विकास से जुड़ी योजनाओं की वस्तुस्थिति पर चर्चा की गई और विभिन्न विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि 100 बिस्तर वाले जिला अस्पताल में रिक्त पदों में से 40 पद भर दिए गए हैं, और 300 बिस्तर वाले नए जिला अस्पताल को मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसमें 550 करोड़ रुपये की चंदेरी माइक्रो इरिगेशन परियोजना को जून 2026 तक पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की गई है, जबकि 1,572 करोड़ रुपये की राजघाट जलापूर्ति योजना को दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे 812 गाँवों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अशोकनगर कॉल सेंटर को जिले का नया ‘नवरत्न’ बताते हुए कहा कि यहाँ 505 युवाओं को रोजगार मिल रहा है। इसके विस्तार के लिए मारुति शोरूम के पास 1000 सीटों की क्षमता वाली नई इमारत बनाई जाएगी।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों में विधायकगण बृजेन्द्र सिंह यादव, जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, और अन्य अधिकारी शामिल थे।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सिंधिया ने कहा कि अशोकनगर के सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में 45 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा। साथ ही, तुलसी सरोवर और थीम रोड सहित शहर के सौंदर्यीकरण के लिए 40 करोड़ रुपये की योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
सिंधिया ने कहा कि शाडोरा से करीला माता मार्ग (55 किमी) का काम दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा, जबकि कुरवाई–मुंगावली–चंदेरी मार्ग (81 किमी) को जून 2026 तक जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, जिससे जिले का सर्वांगीण और समावेशी विकास सुनिश्चित हो सके।
