Thursday, April 23खबर जो असर करे |
Shadow

कोतवाली पुलिस ने डेढ़ करोड़ की एमडी के साथ गुलशेर पठान को किया गिरफ्तार

मंदसौर, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में मध्य प्रदेश के मंदसौर और पड़ोसी प्रतापगढ़ का कनेक्शन लगातार सामने आ रहा है। कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर गुलशेर पठान को डेढ़ करोड़ की एमडी के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एक और आरोपी को भी पकड़ा गया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि गुलशेर खान पठान एमडी ड्रग्स की सप्लाई के लिए मंदसौर आ रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और गुलशेर को उसके साथी नंदकिशोर उर्फ नंदू के साथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपियों से अवैध डोडाचूरा और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में नशे के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी ड्रग्स कहाँ से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तार आरोपी नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार पर पहले से हत्या का मामला दर्ज है और वह पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार था, जिसे अब पुलिस ने दबोच लिया है। वहीं, गुलशेर पठान पर भी कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *