
कोलकाता, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलता, राजनीतिक हिंसा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर और सिलीगुड़ी में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलनों में बोलते हुए, शाह ने कहा कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो ममता बनर्जी शासन के दौरान हुए सभी भ्रष्टाचार मामलों की जांच उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार संस्थागत हो चुका है और जनता इसकी भारी कीमत चुका रही है।
अमित शाह ने आनंदपुर वेयरहाउस अग्निकांड का उदाहरण देते हुए कहा कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि टीएमसी सरकार की आपराधिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का परिणाम था। उन्होंने प्रश्न किया कि अब तक फैक्ट्री मालिक की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई, क्या इसका कारण सत्ता में बैठे लोगों के साथ उसकी नजदीकी है?
उन्होंने कहा कि इस घटना में 25 नागरिकों की मौत हो चुकी है और 27 लोग अब भी लापता हैं। शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 32 घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचीं, जो बेहद शर्मनाक है, और भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने अत्याचार किया।
उन्होंने बंगाल की पहचान पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या वोट बैंक की राजनीति के लिए इसे कमजोर किया जा रहा है। इसके अलावा, शाह ने अवैध घुसपैठ को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए सरकार पर घुसपैठियों को राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाया।
गृह मंत्री ने कहा कि टीएमसी शासन में कई घोटाले हुए हैं, जैसे कि एसएससी घोटाला, शिक्षा घोटाला, नगर निकाय भर्ती घोटाला आदि। उन्होंने ममता बनर्जी से अपील की कि अगर वह वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, तो आगामी चुनाव में आरोपित 23 नेताओं को टिकट न दें।
शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बंगाल को लगभग 10 लाख करोड़ रुपये दिए हैं, लेकिन इसका लाभ गांवों तक नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि पैसा टीएमसी सिंडिकेट के हाथों में चला गया है और भाजपा सरकार बनने पर कट-मनी संस्कृति को समाप्त किया जाएगा।
सिलीगुड़ी में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्याओं की भी चर्चा की और सवाल किया कि क्या बंगाल के कार्यकर्ता इसे बर्दाश्त करेंगे। अमित शाह ने भाजपा की आगामी चुनावी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि इस बार पार्टी 50 प्रतिशत से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।
शाह ने अंत में कहा कि बंगाल ने कई सरकारें देखी हैं, अब समय है कि केसरिया भाजपा को मौका दिया जाए, ताकि बंगाल को सुरक्षित, भ्रष्टाचार मुक्त और विकसित राज्य बनाया जा सके।
