Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

महाकाल महोत्सव में सोना महापात्रा की आत्मा को छू लेने वाली शिव-भक्ति प्रस्तुति

उज्जैन, 16 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित पांच दिवसीय महाकाल महोत्सव में आज शुक्रवार की शाम जनजातीय लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। महोत्सव में मुम्बई की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सोना महापात्रा द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।

उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति एवं संस्कृति संचालनालय के संयुक्त तत्वावधान में 14 से 18 जनवरी तक “श्री महाकाल महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन संस्था में शामिल वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार को श्री महाकाल लोक में जनजातीय लोकनृत्य, लोककलाओं एवं संगीतमय प्रस्तुतियों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसमें जनजातीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं, लोकजीवन एवं आस्था से जुड़े विविध रंगों को मंच प्रदान किया जाएगा। इस दौरान देश की विभिन्न जनजातियों के कलाकार अपने-अपने पारंपरिक वेशभूषा एवं वाद्य यंत्रों के साथ सजीव लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत सायं 7 बजे से होगी। इस अवसर पर विशेष आकर्षण सुप्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा की संगीतमय प्रस्तुति होगी। उनकी प्रस्तुति में शिव-भक्ति, लोक-संगीत एवं समकालीन संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

आज की प्रमुख आकर्षण प्रस्तुतियों में महोत्सव के तहत विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की परंपराएं, प्रकृति से जुड़ा जीवन, लोकविश्वास एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में दर्शाया जाएगा। इसमें गोंड जनजातीय करमा नृत्य उपेंद्रसिंह एवं साथी (सीधी), बैगा जनजातीय परधौनी नृत्य दयाराम एवं साथी (डिंडौरी), अहिराई नृत्य कमलेश नामदेव एवं साथी (गोटगांव), भारिया जनजातीय सैताम नृत्य अंकिता एवं साथी (छिंदवाड़ा) की प्रस्तुति शामिल है। वहीं, “कला यात्रा” के तहत आज मटकी लोकनृत्य मयूरी डोड एवं साथी (उज्जैन) की प्रस्तुति होगी। कला यात्रा शास्त्री नगर से नीलगंगा चौराहा, हाट बाजार होती हुई महाकाल लोक पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *