Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

मध्य प्रदेश में ठंड और कोहरे का कहर, न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री तक गिरा

भोपाल, 16 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठंड ने अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान गिरकर 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। गुरुवार रात चार शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जबकि शाजापुर में शीतलहर की स्थिति बनी रही। आज शुक्रवार सुबह प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कोहरे की चादर छाई रही।
मौसम विभाग के अनुसार, ठंडी हवाओं की वजह से ठिठुरन बढ़ गई है। ग्वालियर-चंबल, रीवा, शहडोल और सागर संभाग सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहां कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल रहा है। भोपाल और इंदौर में भी रात का तापमान लगातार नीचे गिर रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम-उत्तर भारत के ऊपर लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 232 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। यह ऊपरी वायुमंडल में बहने वाली तेज हवाओं की धारा है, जिसका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। इसके साथ ही 16 जनवरी से सक्रिय रहा पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ चुका है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 19 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। यदि यह सिस्टम मजबूत रहा तो 20 जनवरी के बाद प्रदेश में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है।
कई इलाकों में पारा लुढ़का
गुरुवार की रात शहडोल का कल्याणपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। शाजापुर, कटनी के करौंदी और मंदसौर में तापमान 4.7 से 4.8 डिग्री के बीच रहा। राजगढ़ में 5.5 डिग्री, रीवा में 6.2 डिग्री, दतिया में 6.6 डिग्री और पचमढ़ी में 6.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उमरिया, नौगांव, मंडला, खजुराहो, सतना, दमोह, सीधी, रायसेन, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, मलाजखंड और रतलाम में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। प्रदेश के पांच बड़े शहरों में इंदौर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 8 डिग्री, ग्वालियर में 7.4 डिग्री, उज्जैन में 9 डिग्री और जबलपुर में 9.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कोहरे से जनजीवन प्रभावित
शुक्रवार सुबह ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में घना कोहरा छाया रहा। इसके अलावा भोपाल, गुना, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, रतलाम, जबलपुर, सागर, शाजापुर, सीहोर और रायसेन समेत कई जिलों में मध्यम कोहरा देखा गया। इससे पहले गुरुवार को ग्वालियर में विजिबिलिटी घटकर करीब 1000 मीटर रह गई थी। कोहरे के कारण दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *