
रायपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मकर संक्रांति के अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे पतंगों के इस उल्लासपूर्ण पर्व को सुरक्षित, जिम्मेदार और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के आस-पास चीनी मांझा से होने वाली दुर्घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं, इसलिए इसका प्रयोग पूरी तरह से वर्जित है।
मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि चीनी मांझा प्रतिबंधित है और इसका उपयोग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आमजन, पक्षियों और राहगीरों के लिए भी एक गंभीर खतरा बनता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री साय ने निर्देशित किया कि चीनी मांझा के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि नागरिकों को इसके खतरों और कानूनी प्रावधानों की पूरी जानकारी मिल सके।
उन्होंने मकर संक्रांति के इस पावन अवसर पर परंपरा, आनंद और सुरक्षा का संतुलन बनाए रखने की सलाह देते हुए सभी से मिलकर इस पर्व को हर्ष, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ मनाने की अपील की।
