
भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन इस बार भारतीय संस्कृति, कला और श्रद्धा का महोत्सव देखने जा रही है। यहां पहली बार श्री महाकाल महोत्सव का आयोजन 14 जनवरी को होगा, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 7 बजे श्री महाकाल महालोक में करेंगे। यह महोत्सव 18 जनवरी 2026 तक चलेगा। वीर भारत न्यास के सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि यह महोत्सव श्री महाकाल महालोक और त्रिवेणी संग्रहालय में कला, संगीत और विमर्श का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। इस महोत्सव में कई प्रमुख कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। पहले दिन शंकर महादेवन अपने बेटों के साथ प्रस्तुति देंगे, इसके साथ ही आगामी दिनों में अन्य प्रमुख कलाकार भी अपने अभिनय का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव के दौरान जनजातीय कला का प्रदर्शन भी होगा, जिसमें विभिन्न राज्य की पारंपरिक सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल होंगी। 15 जनवरी को एक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें ‘शिव तत्त्व और महाकाल’ विषय पर चर्चा होगी। इस संगोष्ठी में दुनिया के कई देशों के विद्वान शामिल होंगे। आम जनता को इस उत्सव में भाग लेने का आमंत्रण दिया गया है।
