
अंबिकापुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में चल रही योजनाओं और कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, अमृत लाल ध्रुव और नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने, पारदर्शिता बनाए रखने और आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को ई-अटेंडेंस के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करने के लिए अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा। जन्म प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र निर्माण की समीक्षा करते हुए, उन्होंने स्कूलों के लिए जाति प्रमाण पत्र तैयार करने की कार्यवाही शीघ्र करने की सलाह दी। इसके साथ ही, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और विभागों में लंबित मामलों का समय पर निपटारा करने पर विशेष जोर दिया गया।

धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर वसंत ने कहा कि यह प्रक्रिया सुव्यवस्थित और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि धान की तौल मानकों के अनुरूप हो और किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन में कोई कठिनाई न आए। लापरवाही के मामलों में संबंधित समिति प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।
कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित किया कि पात्र मतदाताओं के नाम किसी भी स्थिति में न कटें और पीवीटीजी मतदाताओं पर ध्यान दिया जाए। शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल के तहत, वो प्रत्येक विकासखंड में एक एस्ट्रोनॉमी लैब स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिससे विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान की शिक्षा में सहायता मिलेगी। इसके अलावा, 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का भी मूल्यांकन किया गया, जिसमें मुख्य समारोह पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित किए जाने की योजना बनाई गई है।
