Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

धमतरी जिले में 35 प्रतिशत अपराधों में कमी आई, उत्कृष्ट कार्य करने वाले थानों को पुरस्कृत किया

धमतरी, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। पुलिस लाइन धमतरी के सभा कक्ष में सोमवार को एसपी सूरज सिंह परिहार ने जिले में वर्ष 2025 के अपराधों के बारे में वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले थानों को पुरस्कृत किया गया।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने जानकारी दी कि वर्ष 2024 में कुल 2370 अपराध प्रकरण दर्ज किए गए थे, जो वर्ष 2025 में घटकर 1529 रह गए। इस प्रकार 2024 की तुलना में कुल 35.50 प्रतिशत की कमी आई है। लूट, नकबजनी और चोरी के मामलों में भी 50 प्रतिशत कमी देखने को मिली। वर्ष 2025 के दौरान ऑपरेशन निश्चय के तहत सूखे नशे के मामलों में सख्त कार्रवाई की गई है, जिसमें 10 प्रकरणों में 22 आरोपितों को गिरफ्तार कर 28.58 ग्राम हेरोइन जप्त की गई।

वर्ष 2026 में सूखा नशा और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। अर्जुनी थाना के पास साइबर थाना बनकर तैयार हो गया है।

वर्ष 2025 में बरड़िया ज्वेलर्स लूट, फर्जी आईटी रेड और ट्रिपल मर्डर जैसे चुनौतीपूर्ण मामलों को सुलझाना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण रहा। स्कूलों और कॉलेजों में यातायात पुलिस द्वारा जन जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। हाल ही में एक महिला माओवादी ने आत्मसमर्पण किया है, और जिले में चार से पांच माओवादी बचे हैं, जिन्हें आत्मसमर्पण का अवसर दिया जा रहा है, अन्यथा उनका एनकाउंटर किया जाएगा।

धमतरी पुलिस जिले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अपराधियों के खिलाफ कड़ी और सतत कार्रवाई जारी रहेगी। जनसहयोग, आधुनिक पुलिसिंग, और तकनीकी साधन उपयोग से अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावकारी बनाया जाएगा।

इस अवसर पर, लंबित अपराध और मर्ग मामलों के निम्नलिखित थानों को पुरस्कृत किया गया: अर्जुनी थाना (5.76 प्रतिशत) को विवाद लंबित मामलों में कम करने के लिए, और कुरुद थाना (7.55 प्रतिशत) को मर्ग मामलों के निराकरण में। साथ ही, यातायात में सर्वाधिक 3304 चालानी कार्रवाई के लिए सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण साहू को भी सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *