Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

अंबिकापुर: सरगुजा नेचुरल ब्रांड से ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को नई उड़ान

अंबिकापुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए शुद्ध और पारंपरिक उत्पादों को एक मजबूत पहचान देने के लिए “सरगुजा नेचुरल” ब्रांड एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभरा है। इस ब्रांड के माध्यम से प्रदेश स्तर पर 36 कला ब्रांड की रणनीति बनाई गई है, जिसमें विभिन्न जिलों के लगभग 26 खास उत्पादों का चयन किया गया है, जिनकी ब्रांडिंग, पैकेजिंग, सर्टिफिकेशन और प्रमोशन की व्यवस्था की जा रही है।

सरगुजा जिले में तैयार किया गया सरसों तेल, जिसका उत्पादन बतौली और लुण्ड्रा विकासखंड के स्व सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है, की आधुनिक और आकर्षक ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग जिला स्तर पर स्थापित ग्रोथ सेंटर के माध्यम से की गई है। यह ग्रोथ सेंटर न केवल सरगुजा, बल्कि आसपास के जिलों में स्व सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता का परीक्षण करता है और वैल्यू एडिशन भी करता है, जिससे उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित उत्पाद मिल सके।

“सरगुजा नेचुरल” ब्रांड ने ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को सशक्त करने की दिशा में तेजी से अपनी पहचान बनाई है। “गांव की मिट्टी से आपकी रसोई तक” इस सोच के साथ यह ब्रांड शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त उत्पाद बाजार में उपलब्ध करा रहा है, जिससे न केवल उपभोक्ताओं को सेहतमंद विकल्प मिल रहे हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को स्थायी आय का मजबूत साधन भी प्रदान किया जा रहा है।

वर्तमान में इस ब्रांड के तहत मिलेट्स आटा, गेहूं आटा, सत्तु, बरी, पापड़ सहित कुल 17 प्रकार के उत्पाद उपलब्ध हैं। इनकी बढ़ती मांग से उपभोक्ताओं को स्थानीय और शुद्ध उत्पाद प्राप्त हो रहे हैं, वहीं स्व सहायता समूहों की महिलाओं की आय में लगातार वृद्धि हो रही है।

बिहान के सहयोग से विकसित “सरगुजा नेचुरल” गुणवत्ता, विश्वास और स्वावलंबन का प्रतीक बन चुका है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ “वोकल फॉर लोकल” के विचार को भी साकार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *