Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत हैं स्वामी विवेकानंद

धमतरी, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। पूरे विश्व को आध्यात्मिकता और मानवता का संदेश देने वाले महान युग प्रवर्तक स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर नगर निगम धमतरी की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने रत्नाबांधा मोड़ स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पार्षदगण, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी सुविचारों के प्रतीक थे। उन्होंने अपनी अद्भुत विचारधारा के माध्यम से न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व को प्रेरित किया। उनका अमर संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और सफलता की राह दिखाता है।
उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद भारत के महानतम धर्मगुरुओं में से एक थे, जिनके विचार और प्रवचन ने लाखों लोगों के जीवन को नई दिशा दी। शिकागो में दिए उनके ऐतिहासिक भाषण ने विश्व पटल पर सनातन धर्म का गौरव बढ़ाया। सभापति ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की प्रभावशाली व्यक्तित्व और गहन आध्यात्मिक ज्ञान आज भी लोगों के दिलों में गहरी छाप छोड़ते हैं। यही कारण है कि उनकी जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि युवा पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके।
रत्नाबांधा में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर शिक्षा संस्थानों द्वारा श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों, पालकों और जनप्रतिनिधियों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में प्रधान पाठक और जनपद सदस्य ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित सभी लोगों ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *