Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

रायपुर में अपेडा क्षेत्रीय कार्यालय से खुलेगा छत्तीसगढ़ के कृषि निर्यात का नया वैश्विक द्वार: मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रायपुर में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (अपेडा) का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करना छत्तीसगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक कदम है। यह पहल प्रदेश के किसानों, एफपीओ और निर्यातकों को सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़कर राज्य की कृषि को नई ऊंचाई प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट के मंच से शुरू की गई यह पहल छत्तीसगढ़ को उच्च-मूल्य कृषि निर्यात के मानचित्र पर मजबूती के साथ स्थापित करेगी। जीआई टैग प्राप्त विशिष्ट चावल किस्म जैसे जीराफूल और नागरी दुबराज, साथ ही राज्य के अन्य कृषि एवं प्रोसेस्ड फूड उत्पाद अब वैश्विक बाजारों में नई पहचान बनाएंगे। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा एवं कृषि आधारित उद्यमों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और हर खेत तक नए अवसर पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। अपेडा का क्षेत्रीय कार्यालय इस दिशा में एक मजबूत संस्थागत आधार प्रदान करेगा, जिससे निर्यात प्रक्रियाएं सरल होंगी, गुणवत्ता मानक सुधरेंगे और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधा संपर्क स्थापित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल छत्तीसगढ़ को उच्च-मूल्य, सतत और प्रतिस्पर्धी कृषि निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में ले जाएगी और राज्य के किसानों की समृद्धि को स्थायी आधार प्रदान करेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *