Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

विधायक बालेश्वर साहू को राजनीतिक दुर्भावना से भेजा गया जेल : विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत

कोरबा, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। पूर्व छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता चरणदास महंत ने आज सोमवार को जांजगीर जिला जेल जाकर जैजैपुर के विधायक बालेश्वर साहू से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए महंत ने कहा कि बालेश्वर साहू एक प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधि हैं, जिन्होंने हमेशा जनता के कल्याण के लिए काम किया है और उनकी छवि निर्मल रही है।

चरणदास महंत ने यह भी कहा कि इस पूरे प्रकरण में सभी कानूनी प्रक्रियाएँ जैसे जांच और फिंगरप्रिंटिंग पूरी हो चुकी हैं, फिर भी उन्हें गलत तरीके से जेल भेजा गया है। उन्होंने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए कहा कि यहाँ स्पष्ट राजनीतिक दुर्भावना की झलक दिखती है।

महंत ने यह आरोप भी लगाया कि जो लोग बालेश्वर साहू के खिलाफ सवाल उठा रहे हैं, उनकी खुद की आपराधिक पृष्ठभूमि किसी से छुपी नहीं है और वे नैतिक अधिकार खो चुके हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला अब सेशन कोर्ट में जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे हाईकोर्ट तक ले जाया जाएगा। महंत ने न्यायपालिका में अपने विश्वास का विश्वास दिलाया और कहा कि अंत में सत्य की विजय होगी।

इस घटनाक्रम के बाद जैजैपुर क्षेत्र में विधायक बालेश्वर साहू के समर्थकों में व्यापक नाराजगी देखी जा रही है। समर्थकों का कहना है कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश का हिस्सा है, जिसके तहत एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *