
भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है। अगर हम स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगे, तो अपने लक्ष्यों की पूर्ति करने में आसानी होगी। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे सूर्य नमस्कार को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें, ताकि बीमारियाँ दूर रहें।
शुक्ल ने सोमवार को रीवा में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय युवा दिवस के दिन अपने भीतर की ऊर्जा का उपयोग समाज और देश के हित में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपनी सफलताओं पर अहंकारी नहीं होना और असफलता पर निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि जीवन में कई चुनौतियाँ आती हैं जिनका सामना हमें धैर्यपूर्वक करना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने नशा विरोधी अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहना चाहिए, अन्यथा विकास का हर प्रयास व्यर्थ हो जाएगा। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति का एक हिस्सा है और इसे अपनाने से मानव स्वास्थ्य बना रहता है। उन्होंने सभी से नियमित योग और प्राणायाम करने की अपील की।
उप मुख्यमंत्री ने विवेकानंद पार्क में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उनका श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वामी विवेकानंद को पुष्पांजलि अर्पित की।
