वाशिंगटन, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि ईरान ने सारी हदें पार कर दी हैं और निर्दोष लोगों की जान जा रही है। उन्होंने इस स्थिति को बर्दाश्त करने में कठिनाई का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ हमले के लिए मजबूत विकल्पों पर विचार कर रही है। ट्रंप ने बताया कि इस्लामिक गणराज्य ने इंटरनेट सेवा को निलंबित कर दिया है और वे एलन मस्क से स्टारलिंक की उपलब्धता पर बातचीत करेंगे।
ईरान इंटरनेशनल के अनुसार, ट्रंप ने संवाददाताओं को बताया कि “अमेरिका ईरान को लेकर बेहद मजबूत विकल्पों पर विचार कर रहा है। वहां का शासन अब सारी हदें पार कर चुका है और फैसला लेने का समय आ गया है।” उन्होंने निर्दोष नागरिकों की हत्या को अस्वीकार्य बताया और ईरान के नेता अली खामेनेई का नाम लिए बिना कहा कि वह हिंसा के माध्यम से शासन करते हैं।
ईरान की हरकतों और हमले की धमकी पर ट्रंप ने स्पष्ट किया कि “अगर ईरान ऐसा करता है तो उस पर अब तक का सबसे बड़ा आक्रमण किया जाएगा।” ट्रंप ने अंत में कहा कि वे ईरान के प्रदर्शनकारियों को स्टारलिंक सेवा पहुंचाने के बारे में एलन मस्क से बातचीत करेंगे।
