जम्मू, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों में रविवार देर शाम अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के निकट कई अग्रिम क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि देखी। ये ड्रोन पाकिस्तान से आए थे और कुछ मिनटों तक भारतीय क्षेत्र में मंडराने के बाद लौट गए। अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन गतिविधियों के मद्देनजर सुरक्षाबलों ने जमीनी स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया है।
सुबह अधिकारियों ने जानकारी दी कि राजौरी में नियंत्रण रेखा के निकट नौशेरा सेक्टर में सैनिकों ने शाम लगभग 6ः35 बजे गनिया-कलसियान गांव के ऊपर ड्रोन की गतिविधि देखी और मध्यम तथा हल्की मशीनगनों से फायरिंग की। इसी समय राजौरी जिले के तेरियाथ के खब्बर गांव में एक और ड्रोन देखा गया, जो कलाकोट के धर्मसाल गांव की दिशा से आया था।
सांबा के रामगढ़ सेक्टर में चक बाबराल गांव के ऊपर शाम करीब 7ः15 बजे एक टिमटिमाती रोशनी वाली ड्रोन जैसी वस्तु भी देखी गई। पुंछ जिले के नियंत्रण रेखा के पास स्थित मनकोट सेक्टर में भी एक अन्य ड्रोन जैसी वस्तु देखी गई, जो टोपा की ओर जा रही थी।
इससे पहले, शुक्रवार रात को सुरक्षाबलों ने सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास घगवाल के पलोरा गांव में पाकिस्तान से आए एक ड्रोन द्वारा गिराए गए हथियारों की खेप बरामद की थी, जिसमें दो पिस्तौल, तीन मैगज़ीन, 16 राउंड और एक ग्रेनेड शामिल थे।
