शिमला, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र से जुड़ी एक महिला स्वास्थ्य अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार की घटना सामने आई है। पीड़िता ने एक व्यक्ति पर रास्ता रोकने, अभद्र भाषा में बात करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला अधिकारी सुराड़ में आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कार्यरत हैं और यह घटना उनकी ड्यूटी के दौरान घटी।
महिला ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में विवरण साझा किया कि 11 जनवरी को सुबह 10 बजे के आसपास जब वह गांव टिप्पर (सुराड़) में थी, तब एक व्यक्ति ने जानबूझकर उनका रास्ता रोका। इस व्यक्ति ने ना केवल उन्हें परेशान किया, बल्कि गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
आरोपी का नाम मेहर सिंह है, जो सुराड़ गांव का निवासी बताया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद महिला स्वास्थ्य अधिकारी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों की ओर से तथ्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में थाना ननखड़ी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 351(3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की जांच जारी है।
