Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

प्रधानमंत्री और लोकसभा स्पीकर ने प्रवासी भारतीय दिवस पर दीं शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 09 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)।
लेखक: LN Star News
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला सहित मंत्रियों ने शुक्रवार को प्रवासी भारतीय दिवस के अवसर पर देश तथा विदेश में रह रहे भारतीय समुदाय को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा, “प्रवासी भारतीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारतीय प्रवासी समुदाय भारत और दुनिया के बीच एक मजबूत पुल बना हुआ है। वे जहां भी गए, उन्होंने वहां के समाजों को समृद्ध किया और साथ ही अपनी जड़ों से भी जुड़े रहे। भारतीय प्रवासी समुदाय हमारे राष्ट्रदूत हैं। हमारी सरकार ने उनको भारत के और करीब लाने के लिए कई कदम उठाए हैं।”
ओम बिरला ने कहा कि भौगोलिक सीमाओं से दूर रहते हुए भी जिनके मन, विचार और कर्मों में भारत सदैव जीवंत रहता है; ऐसे प्रवासी भारतीय न केवल भारत की समृद्ध परंपराओं के संवाहक हैं, बल्कि वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा और विश्वास के मजबूत सेतु भी हैं।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारत के विकास में प्रवासी भारतीय समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान है। सभी प्रवासियों ने भारत के सांस्कृतिक मूल्यों को विश्व में सर्वोत्तम रूप में प्रदर्शित कर देश को गौरवान्वित किया है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारतीय प्रवासी, आर्थिक शक्ति, ज्ञान, संस्कृति और आपसी संबंधों में अपने महत्वपूर्ण योगदान के कारण, विकसित भारत 2047 के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ज्ञान, विज्ञान, व्यापार, कला, संस्कृति और सेवा के हर क्षेत्र में प्रवासी भारतीयों ने परिश्रम, प्रतिभा और संस्कारों के माध्यम से भारत की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रवासी भारतीयों के प्रयासों ने न केवल भारत के सामर्थ्य को वैश्विक पहचान दी है, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *