बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आया संत समाज, ‘सनातन क्रिकेट लीग’ में धर्म, सेवा और खेल का होगा संगम
Uncategorized
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)।
उत्तर भारत में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए अब सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं भी आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में सनातन न्यास फाउंडेशन द्वारा एक विशेष आयोजन ‘सनातन क्रिकेट लीग (एससीएल)’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 18 अक्टूबर 2025 को सुबह 9:30 बजे, नई दिल्ली के करनैल सिंह स्टेडियम, पहाड़गंज में होगा। इस आयोजन से जुटाई गई धनराशि बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए समर्पित की जाएगी।
इस वर्ष हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश के कारण हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं। कई परिवारों के घर, रोज़मर्रा की ज़रूरत की वस्तुएं और आजीविका के साधन नष्ट हो गए हैं। सैकड़ों लोग आज भी राहत शिविरों में रहकर पुनर्वास की कोशिश कर रहे हैं। इस स्थिति में हर वर्ग का सहयोग अहम है। इसी उद्देश्य से यह विशेष लीग आयोजित की जा रही है।
...









