Tuesday, November 3खबर जो असर करे |
Shadow

‘रामायण’ में लक्ष्मण बने रवि दुबे, दमदार योद्धा के रूप में नया पोस्टर जारी

रवि दुबे - फोटो सोर्स एक्स

मुंबई। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ से अभिनेता रवि दुबे का लक्ष्मण अवतार सामने आ गया है। फिल्म के निर्माताओं ने उनका सोलो कैरेक्टर पोस्टर जारी किया है, जिसमें वह हाथ में धनुष-बाण थामे एक वीर योद्धा के रूप में नजर आ रहे हैं।

पोस्टर में उनके चेहरे पर साहस, दृढ़ निश्चय और युद्ध के लिए तैयार रहने का भाव दिखाई देता है। इसके साथ ही भगवान राम के प्रति लक्ष्मण की अटूट भक्ति और समर्पण की झलक भी देखने को मिलती है। पोस्टर शेयर करते हुए निर्माताओं ने लक्ष्मण को ‘एक समर्पित भाई, निडर योद्धा और राम की ढाल’ बताया है।

लक्ष्मण की भूमिका निभाने को लेकर रवि दुबे ने कहा कि यह किरदार उनके लिए बेहद खास और भावनात्मक है। उनके मुताबिक, लक्ष्मण ताकत, साहस, भक्ति और निस्वार्थ भावना का अनोखा संगम हैं। भगवान राम के प्रति उनका प्रेम और आदर्शों के लिए समर्पण हमेशा प्रेरणादायक रहा है। ऐसे पूजनीय किरदार को पर्दे पर निभाना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। अभिनेता ने उम्मीद जताई कि दर्शक उनके अभिनय में इस किरदार के प्रति उनकी सच्चाई और भावनाओं को महसूस कर सकेंगे।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से बनी यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग 5 नवंबर 2026 को और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। इसे दुनियाभर में आईमैक्स प्रारूप में भी प्रदर्शित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *