Tuesday, November 3खबर जो असर करे |
Shadow

अमेठी पुलिस ने 33 मुकदमों वाले चोर व साथी को गिरफ्तार किया

अमेठी, 03 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के दौरान पुलिस ने एक मुठभेड़ में दो शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल गिरने से पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

गिरफ्तार आरोपियों में वकील उर्फ सेनापति निवासी इटौंजा, थाना कुमारगंज, अयोध्या पर चार जिलों में चोरी, लूट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट समेत 33 मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथी चांद मोहम्मद उर्फ बादशाह पर आठ मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि मंगलवार की सुबह तड़के ही अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा था। क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र और शिवरतनगंज पुलिस के साथ कुकहा रामपुर मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूरे बैसन मजरे जैतपुर में हुई चोरी के आरोपी मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। पकड़ने के लिए पुलिस ने रोकना चाहा तो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया और फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ सेनापति घायल हो गया।

तलाशी में एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, सात जोड़ी पायल, छह बिछिया, सोने-चांदी के अन्य जेवरात और चोरी के सामान की बिक्री के 15 हजार रुपये बरामद हुए। वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई।

पूछताछ में आरोपियों ने लगभग 15 दिन पहले बाजार शुक्ल क्षेत्र के नेवाजगढ़ कैथन और 10 दिन पहले शिवरतनगंज के पूरे बैसन में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस दोनों घटनाओं का खुलासा करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *