Tuesday, November 3खबर जो असर करे |
Shadow

लावणी कलाकार ईठा बाई के किरदार में नजर आएंगी श्रद्धा कपूर, फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर जारी

मुंबई। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘ईठा’ में एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स ने फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसमें श्रद्धा महान लावणी कलाकार ईठा बाई की भूमिका निभा रही हैं।

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक ऐसी महिला की जिंदगी से प्रेरित है, जिसने सामाजिक बंदिशों और तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी कला के दम पर खास पहचान बनाई। ट्रेलर में लावणी की रंगीन दुनिया, संगीत, नृत्य और ईठा बाई के संघर्ष को प्रभावशाली अंदाज में दिखाया गया है।

फिल्म के निर्माता दिनेश विजान के मुताबिक, ईठा बाई की कहानी सिर्फ एक कलाकार की सफलता की दास्तां नहीं, बल्कि उन महिलाओं के साहस, त्याग और संघर्ष को भी सामने लाती है, जिन्होंने लावणी जैसी समृद्ध कला परंपरा को जीवित रखा। उन्होंने कहा कि दर्शकों ने हमेशा लावणी की प्रस्तुतियों को सराहा है, लेकिन इस कला को पहचान दिलाने वाली महिलाओं के जीवन और उनके संघर्ष पर कम ध्यान दिया गया है। फिल्म के जरिए ऐसी ही कलाकारों की अनकही कहानियों को बड़े पर्दे पर लाने की कोशिश की गई है।

श्रद्धा कपूर ने अपने किरदार को खास अनुभव बताते हुए कहा कि ईठा बाई की कला, हिम्मत और अपनी अलग पहचान बनाने का जज्बा उन्हें काफी प्रभावित करता है। उन्होंने निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के साथ काम करने को रोमांचक अनुभव बताया। वहीं, निर्देशक का कहना है कि ‘छावा’ के बाद वह दर्शकों को एक बिल्कुल अलग दुनिया से परिचित कराना चाहते थे। उनके अनुसार, ‘ईठा’ एक ऐसी कलाकार की कहानी है, जिसने अपनी कला के जरिए खुद को विरासत में बदल दिया। फिल्म का निर्माण दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर ने किया है। ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *