Friday, October 30खबर जो असर करे |
Shadow

बरसते पानी में भी नहीं रुका सेवाभाव, वंदेमातरम परिवार ने अज्ञात शव का किया अंतिम संस्कार

धमतरी, 29 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। मानवता की सेवा और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए बोल बम सेवा समिति और वंदेमातरम परिवार कुरूद ने गुरुवार को लगातार बारिश के बीच एक अज्ञात शव का विधि‑विधान से अंतिम संस्कार किया। यह कार्य महानदी मुख्य नहर के गेट क्रमांक-3 के पास मिला लगभग 30 से 35 वर्ष के अज्ञात व्यक्ति के शव को पुलिस की अनुमति और पुलिस टीम की मौजूदगी में कुरूद के हिंदू मुक्तिधाम में अंतिम विदाई के रूप में संपन्न हुआ। समिति द्वारा किया गया यह 76वां लावारिस शव का अंतिम संस्कार है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरेझर पुलिस चौकी को उसी गेट के पास अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस की अनुमति मिलने के बाद बोल बम सेवा समिति और वंदेमातरम परिवार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद, सदस्यों ने अपने सेवाभाव से पीछे हटने के बजाय पूरे सम्मान के साथ दिवंगत को अंतिम विदाई दी और श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस पुनीत कार्य में वंदेमातरम परिवार एवं बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष भानु चंद्राकर, उपाध्यक्ष नंद आमदे, कोषाध्यक्ष भारत साहू सहित सदस्य कृष्णा ढीमर, सीताराम, राजा चंद्राकर, गोविंदा और अमित कुमार शामिल हुए। पुलिस टीम की ओर से प्रधान एएसआई इशु साहू, प्रधान आरक्षक महेश पटेल, आरक्षक नैनदास बांधे, डॉ. गौरव नेताम एवं पुलिस स्टाफ शैलेन्द्र साहू उपस्थित रहे।

बोल बम सेवा समिति एवं वंदेमातरम परिवार अब तक 76 अज्ञात एवं लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश कर चुके हैं। जिन लोगों को अंतिम विदाई देने वाला कोई अपना नहीं होता, उनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाकर समिति मानवता के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही है। इस अवसर पर अध्यक्ष भानु चंद्राकर ने अंतिम संस्कार में सहभागी बने समिति के सदस्यों, पुलिस स्टाफ और चिकित्सक के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *