
झांसी, 25 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की शौर्यभूमि झांसी के प्रेमगंज निवासी डॉ. अर्चना भटनागर की बेटी अदिति भटनागर अपनी प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों के दम पर बुंदेलखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करने को तैयार है। नवंबर में थाईलैंड के फुकेत में आयोजित होने वाली मिस प्लानेट इंटरनेशनल प्रतियोगिता में वह 110 देशों की प्रतिभागियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अदिति ने 2023 में मिस प्लानेट इंडिया तथा 2026 में मिस ग्लोब इंडिया के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरव को वैश्विक मंच पर पेश किया है, जिससे झांसी और पूरे बुंदेलखंड में उत्साह की लहर दौड़ गई है। उनका लक्ष्य केवल सौंदर्य और व्यक्तित्व प्रदर्शन तक सीमित नहीं है; वह सामाजिक कल्याण, स्वस्थ जीवनशैली और जागरूकता को भी अपने अभियान का अभिन्न हिस्सा बना रही हैं।
सनशाइन स्किन्स की डॉ. अर्चना के सहयोग से पांच जरूरतमंद युवतियों को विवाह के अवसर पर निःशुल्क सौंदर्य उपचार प्रदान करने की पहल शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और नई शुरुआत के लिए सकारात्मक ऊर्जा देना है। साथ ही वह मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी में मोना’ज क्लोसेट ने उनके गाउन की डिजाइनिंग एवं तैयारियों में सहयोग किया है, जबकि झांसी की समाजसेविका नीति शास्त्री ने उन्हें शुभकामनाएँ देकर प्रोत्साहन दिया। अदिति ने इससे पहले नेपाल के काठमांडू में आयोजित इंटरनेशनल यूथ गॉस 2025 में योग में कांस्य पदक हासिल किया था। प्रेमगंज की गलियों से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक का उनका सफर प्रतिभा, संकल्प और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण है। अब फुकेत में होने वाली प्रतियोगिता में उनकी प्रस्तुति पर झांसी सहित पूरे देश की नज़र रहेगी।
