Sunday, October 25खबर जो असर करे |
Shadow

सूरजपुर विद्यालय में भूकंप मॉकड्रिल, बच्चों को सुरक्षा के उपाय सिखाए

सूरजपुर, 25 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। जिले के विद्यालयों में आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने और आपात परिस्थितियों से निपटने की विधियाँ सिखाने हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज रविवार को मुख्यमंत्री शाला सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में रामानुजनगर विकासखंड की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतरापाली में भूकंप से बचाव के लिए मॉकड्रिल आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का संचालन शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा तथा जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा मनोज साहू ने किया, जहां विद्यार्थियों को भूकंप के कारणों और इसके दौरान पालन की जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। शिक्षिका अनीता सिंह और शिक्षक कृष्ण कुमार यादव, योगेश साहू और रघुनाथ जायसवाल ने व्यावहारिक अभ्यास के रूप में मॉकड्रिल कराया, जिससे बच्चों को सुरक्षित रहने की वास्तविक पद्धति समझाई गई।

बच्चों को बताया गया कि जब भूकंप के झटके महसूस हों, तो घबराकर इधर-उधर भागने के बजाय शांत रहना चाहिए। यदि वे कमरे के भीतर हों, तो मजबूत मेज के नीचे बैठकर सिर और गर्दन को दोनों हाथों से ढकना चाहिए। खिड़कियों, कांच, अलमारी, पंखे और अन्य गिर सकने वाली वस्तुओं से दूरी बनानी चाहिए। यदि मेज उपलब्ध न हो, तो किसी सुरक्षित स्थान पर झुककर सिर और गर्दन को ढकते हुए झटके बंद होने तक रुकना चाहिए।

साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि भूकंप के दौरान सीढ़ियों की ओर भागना, लिफ्ट का उपयोग करना, खिड़की से बाहर कूदना या भीड़ भड़काना अत्यधिक खतरनाक हो सकता है। खुले मैदान में रहने पर भवनों, दीवारों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर एक खुला स्थान चुनने की सलाह दी गई। झटके समाप्त होने के बाद शिक्षकों के निर्देशानुसार कतारबद्ध तरीके से सुरक्षित स्थान पर पहुँचना और क्षतिग्रस्त भवन में फिर से प्रवेश न करना भी बताया गया।

कार्यक्रम में आपदा के पश्चात घायलों की मदद करते समय सावधानी बरतने, टूटे बिजली के तारों से दूरी बनाए रखने और आवश्यक होने पर आपातकालीन सहायता लेने के महत्व पर भी चर्चा की गई। इस मॉकड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के समय सूझबूझ से काम लेने और सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *