Sunday, October 25खबर जो असर करे |
Shadow

संतोषी नगर में मोबाइल स्नेचिंग का मामला: आरोपी गिरफ्तार, 80,000 रुपये का माल जब्त

रायपुर, 25 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। राजधानी रायपुर के टकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर में मोबाइल स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित के कब्जे से जब्त किये गये मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी का कुल मूल्य लगभग 80 हजार रुपये बताया गया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपित अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मोहम्मद फारूख चांगल ने टकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर की रात लगभग 10:30 बजे वह अपनी पत्नी के साथ टहलने निकले थे। वे अपने व्यवसाय के संबंध में मोबाइल पर ऑडियो सुनते हुए फोन कान के पास लगाए हुए थे। उसी समय, संतोषी नगर मेन रोड स्थित अनंत ज्वेलर्स के सामने स्कूटी पर सवार दो अज्ञात युवक पीछे से आए और उनके हाथ से मोबाइल ज़पटकर फरार हो गए।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 948/26 के तहत धारा 304 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जाँच की। साथ ही पीड़ित और उसकी पत्नी से पूछताछ कर आरोपितों की पतासाजी की गई।

जांच के दौरान पुलिस को एक आरोपित के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर शेख तौहीद (20), निवासी बैद्यनाथ पारा, थाना कोतवाली, रायपुर को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी जब्त कर ली है। मामले में फरार दूसरे आरोपित की तलाश जारी है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं टकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *