Thursday, July 30खबर जो असर करे |
Shadow

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने पेश की नई पीढ़ी की हिलक्स, शुरुआती कीमत 31.99 लाख रुपये

नई दिल्ली। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने भारतीय बाजार में अपनी नई पीढ़ी की पिकअप ट्रक ऑल-न्यू हिलक्स लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसे अधिक दमदार डिजाइन, अत्याधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा और ऑफ-रोड क्षमता के साथ पेश किया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 31.99 लाख रुपये रखी गई है। वाहन की बुकिंग 28 जुलाई से शुरू हो गई है, जबकि इसकी डिलीवरी अगस्त के दूसरे सप्ताह से शुरू होगी।

कंपनी के अनुसार, नई हिलक्स तीन वेरिएंट- 4×4 वीएक्स ऑटोमैटिक, 4×4 जीएक्स ऑटोमैटिक और 4×2 जीएक्स ऑटोमैटिक में उपलब्ध होगी। इसे आईएमवी प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है, जिससे यह व्यावसायिक उपयोग के साथ-साथ व्यक्तिगत और साहसिक यात्राओं के लिए भी उपयुक्त बनती है।

नई हिलक्स में 2.8 लीटर बीएस-6 फेज-2 डीजल इंजन दिया गया है, जो 150 किलोवाट (204 पीएस) की अधिकतम शक्ति और 500 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन्न करता है। इंजन के साथ छह-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और 80 लीटर क्षमता का ईंधन टैंक दिया गया है।

ऑफ-रोड ड्राइविंग को ध्यान में रखते हुए इसमें टोयोटा का 4-व्हील ड्राइव सिस्टम, हाई और लो रेंज मोड, इलेक्ट्रॉनिक डिफरेंशियल लॉक तथा डाउनहिल असिस्ट कंट्रोल जैसी सुविधाएं दी गई हैं। कंपनी का दावा है कि यह वाहन कठिन रास्तों पर भी बेहतर प्रदर्शन करेगा।

नई हिलक्स के बाहरी डिजाइन में ‘साइबर सूमो’ अवधारणा से प्रेरित फ्रंट ग्रिल, नया बंपर, एलईडी हेडलाइट्स, एलईडी फॉग लैंप, डे-टाइम रनिंग लाइट्स, एलॉय व्हील्स, एलईडी रियर लैंप और शार्क फिन एंटीना जैसे फीचर शामिल किए गए हैं।

केबिन को पहले से अधिक प्रीमियम बनाया गया है। इसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो, सात इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टोयोटा आई-कनेक्ट, वॉयस कमांड, आठ स्पीकर ऑडियो सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग, क्रूज कंट्रोल, 60:40 स्प्लिट रियर सीट, टिल्ट एवं टेलिस्कोपिक स्टीयरिंग और पीएम-2.5 एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

सुरक्षा के लिहाज से इसमें सात एसआरएस एयरबैग, वाहन स्थिरता नियंत्रण (वीएससी), एबीएस, ब्रेक असिस्ट, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकरेज, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (टीपीएमएस), पैनोरमिक व्यू मॉनिटर और पार्किंग सेंसर जैसे फीचर दिए गए हैं।

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी मसाकाजू योशिमुरा ने कहा कि कंपनी ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसे उत्पाद विकसित कर रही है, जो गुणवत्ता, विश्वसनीयता और दीर्घकालिक उपयोग का भरोसा दें। नई हिलक्स इसी सोच का परिणाम है।

कंपनी के उप प्रबंध निदेशक तदाशी असाजुमा ने कहा कि नई हिलक्स पहले से अधिक मजबूत, आधुनिक और बहुउपयोगी है। वहीं, बिक्री, सेवा एवं यूज्ड कार व्यवसाय के कार्यकारी उपाध्यक्ष सबरी मनोहर ने कहा कि नए मॉडल में दमदार प्रदर्शन, आधुनिक तकनीक और व्यापक सुरक्षा सुविधाओं का संतुलित समावेश किया गया है, जिससे यह विभिन्न प्रकार के ग्राहकों की आवश्यकताओं को पूरा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *