Thursday, July 30खबर जो असर करे |
Shadow

By-Election : बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू..

नई दिल्ली। बिहार (Bihar) की बांकीपुर (Bankipur), मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की दतिया (Datia) और गुजरात की मांजलपुर (Manjalpur) सीट पर गुरुवार को उपचुनाव (By-Election) हो रहा है, नतीजे तीन अगस्त को आएंगे. बांकीपुर में बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, जनसुराज के प्रशांत किशोर और आरजेडी की रेखा गुप्ता के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. दतिया में बीजेपी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह आमने-सामने हैं, यह सीट राजेंद्र भारती की सदस्यता जाने से खाली हुई थी. मांजलपुर में बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन से उपचुनाव हो रहा है।

बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर आज यानी 30 जुलाई को उपचुनाव हो रहा है. वोटिंग सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगी और मतगणना तीन अगस्त को होगी।


बिहार की बांकीपुर सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है. यहां त्रिकोणीय मुकाबला है. मैदान में जनसुराज के प्रशांत किशोर, बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा और आरजेडी की रेखा गुप्ता हैं।

मध्य प्रदेश की दतिया सीट मुकाबला बीजेपी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है. पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जहां शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई होगी. संदिग्ध लोगों पर पुलिस की खास नजर रहेगी।


गौरतलब है कि 2023 में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से ज्यादा वोटों से हराया था. लेकिन इस साल अप्रैल में दिल्ली की एक अदालत ने धोखाधड़ी के मामले में भारती को तीन साल की सजा सुनाई, जिससे उनकी सदस्यता चली गई और यह सीट खाली हुई।


गुजरात की मांजलपुर सीट वडोदरा जिले में आती है. यहां बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है. यह सीट पाटीदार बहुल मानी जाती है, इसलिए बीजेपी ने एक पाटीदार नेता को उम्मीदवार बनाया है. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी बीजेपी के इस गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश में हैं. कांग्रेस ने एक अनुभवी नेता को उतारा है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।


जेडीयू नेता का दावा, बांकीपुर में बीजेपी-एनडीए के पक्ष में माहौल
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जेडीयू नेता राजीव रंजन ने दावा किया कि विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी और एनडीए के पक्ष में माहौल है. उन्होंने कहा, “बिहार में हाल ही में एनडीए ने 200 से ज्यादा सीटें जीती थीं. इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व नितिन नवीन कर चुके हैं और लोगों के बीच हुए व्यापक जनसंपर्क से साफ है कि जनता एनडीए के साथ है. इसलिए बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत तय है।


वडोदरा में मतदान करने पहुंचे बीजेपी नेता जय प्रकाश सोनी
गुजरात के वडोदरा में मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी नेता जय प्रकाश सोनी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. उन्होंने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला और लोगों से भी लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।


बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर ने पार्टी की जीत का दावा किया है. विवेक ठाकुर ने कहा, “बांकीपुर में बीजेपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. लोगों में काफी उत्साह है. कल संसद में बिल पास होने के बाद देशभर का युवा एक बार फिर उसी तरह बीजेपी के साथ खड़ा है, जैसे पहले भी रहा है।


बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता सीपी ठाकुर ने मतदान के बाद जीत का भरोसा जताया. सीपी ठाकुर ने कहा, “मुझे लगता है कि हमारी पार्टी चुनाव जीतेगी. हमारा पूरा परिवार वोट डालने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *