Saturday, May 30खबर जो असर करे |
Shadow

राजगढ़ में चलते ट्रॉले में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

राजगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सारंगपुर-पचोर मार्ग के बीच शनिवार दोपहर एक चलती ट्रॉले में अचानक आग लग गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, लेकिन चालक की सतर्कता और पुलिस-दमकल की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। आग की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रॉले का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस के अनुसार हरियाणा के मेवात निवासी चालक सद्दाम खान गुजरात से एल्यूमिनियम तार के बंडल लेकर वाराणसी जा रहा था। उदनखेड़ी के पास पहुंचने पर उसे ट्रॉले से धुआं निकलता दिखाई दिया और वायरिंग जलने जैसी गंध महसूस हुई। स्थिति को भांपते हुए उसने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल आया।

चालक के वाहन से उतरते ही आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते ट्रॉले का अगला हिस्सा तथा टायर उसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही उदनखेड़ी चौकी और पचोर पुलिस मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने हाईवे पर यातायात को नियंत्रित किया और कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

इसके बाद पचोर नगर पालिका की दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे ट्रॉले में लदा माल सुरक्षित बच गया और आग को अन्य वाहनों तक फैलने से रोक लिया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह वाहन की वायरिंग में तकनीकी खराबी मानी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *