रात को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, कई जगह गिरे ओले
by News Updater
श्योपुर । जिले में शुक्रवार की शाम मौसम ने अचानक करवट बदल ली। वीरपुर इलाके में तेज बारिश के साथ बड़े-बड़े ओले गिरे, वहीं जिला मुख्यालय श्योपुर में जबरदस्त धूल भरी आंधी चली। इस खराब मौसम की वजह से सड़कों पर चल रहे लोगों और गाड़ी चलाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं शनिवार को सुबह से आसमान पर तेज धूप निकली।
शाम होते ही श्योपुर शहर में तेज हवा के साथ धूल का बवंडर शुरू हो गया। आंधी इतनी तेज थी कि धूल के गुबार की वजह से सामने देख पाना भी मुश्किल हो रहा था। तेज हवा के चलते बिजली भी गुल हो गई, जिससे शहर के कई हिस्सों में अंधेरा छा गया। वीरपुर क्षेत्र में हालत और भी ज्यादा खराब रहे। वहां करीब दस-दस मिनट के अंतर पर दो बार ओले गिरे। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओलों का साइज काफी बड़ा था, जिससे खेतों में खड़ी फसलों और बाहर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचने का डर है। अचानक हुई इस ओलावृष्टि ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया। मौसम विभाग ने पहले ही जिले में आंधी और ओले गिरने की चेतावनी दी थी, जो सच साबित हुई। विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यह बदलाव आया है। फिलहाल श्योपुर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है और लोगों को चुभती गर्मी से राहत मिली है।
2 जून तक ऐसा ही रहेगा मौसम प्रशासन ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है और बिजली के खंभों व पेड़ों से दूर रहने को कहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 जून तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से जिले में अब मौसम पूरी तरह ठंडा हो गया है।