Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

अमेरिका के साथ व्यापार समझौता भारत की विकास यात्रा को गति देगा: उद्योग जगत

नई दिल्ली, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते का उद्योग जगत ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया है। भारतीय उद्योग के प्रमुख नेता मंगलवार को चर्चा करते हुए बोले कि यह व्यापार समझौता भारत की बढ़ती महत्वाकांक्षाओं को नई गति प्रदान करेगा।

व्यापार समझौते पर महिंद्रा समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) अनीश शाह ने इसे ”द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम” बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के मजबूत वृद्धि पथ पर रहने के कारण इस सौदे से भारत की विकास की महत्वाकांक्षाओं को सार्थक गति मिलेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संदर्भ में बड़ा ऐलान भी किया है, जिसमें भारत पर लागू टैरिफ को घटाकर तत्काल 18 प्रतिशत करने की घोषणा की गई है।

आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि कम शुल्क से दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी और नए निवेश और सहयोग के अवसर उपलब्ध होंगे। यह समझौता अधिक लचीली आपूर्ति श्रृंखला, विनिर्माण के अवसरों को खोलने और अमेरिका तथा भारत में दीर्घकालिक आर्थिक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में सहायक होगा।

टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन सुदर्शन वेणु ने कहा कि भारतीय सामानों पर अमेरिकी जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करना एक सकारात्मक कदम है, जो निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करता है एवं दीर्घकालिक द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों में विश्वास को बढ़ाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता है।

महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”इससे भविष्य के लाभों की संभावनाओं का पता चलता है। जब हंगामा ठंडा होगा, तब दो स्वाभाविक साझेदार एक साथ आएंगे।”

आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने कहा, ”यूरोपीय संघ के साथ ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ और अब अमेरिका के साथ ‘फादर ऑफ ऑल डील्स’ के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि है।”

स्पाइसजेट के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने भी कहा कि यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के साथ हालिया व्यापार समझौतों के बाद, यह समझौता वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते आत्मविश्वास और विश्वसनीयता को मजबूत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *