Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

पैट कमिंस की टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने पर प्रतिक्रिया: ‘समय की कमी थी’

नई दिल्ली, 03 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने खुलासा किया है कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 की अंतिम 15 सदस्यीय टीम में शामिल होने के बेहद करीब थे, लेकिन रिकवरी में थोड़ी देर होने के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। वह पीठ की चोट से जूझ रहे थे और उनकी जगह टीम में बेन ड्वार्शिस को शामिल किया गया है।

कमिंस ने 7 फरवरी से शुरू हो रहे मेगा टूर्नामेंट से बाहर होने पर कहा कि वह शारीरिक रूप से बेहतर महसूस कर रहे थे, लेकिन पूरी तरह फिट होने के लिए उनके पास पर्याप्त समय नहीं बचा था। उन्होंने आईसीसी को बताया, “यह वाकई दुर्भाग्यपूर्ण रहा। मैं अच्छा महसूस कर रहा था, बस एक छोटी-सी परेशानी थी और सच कहूं तो समय ही कम पड़ गया। अब मैं कुछ हफ्तों तक आराम करूंगा और फिर आगे की योजना बनाऊंगा।”

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने बताया कि मेडिकल टीम ने उनकी पीठ को पूरी तरह ठीक होने के लिए चार से आठ हफ्तों का समय देने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा, “हमें पता था कि एडिलेड टेस्ट के बाद हड्डी को पूरी तरह स्थिर होने के लिए चार से आठ हफ्तों की जरूरत होगी, उसके बाद ही वर्कलोड बढ़ाया जा सकता था। पहले लगा था कि चार हफ्ते काफी होंगे, लेकिन फॉलो-अप स्कैन के बाद पता चला कि इसे दो हफ्ते और चाहिए।”

कमिंस ने आगे कहा, “इसके चलते समय-सारिणी बहुत टाइट हो गई और वर्ल्ड कप तक पूरी तरह फिट होना मुश्किल हो गया।” अब कमिंस को मार्च में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की उम्मीद है, हालांकि उनका मुख्य लक्ष्य साल के दूसरे हिस्से में होने वाले महत्वपूर्ण टेस्ट मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार रहना है।

ऑस्ट्रेलिया के पास बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज, दक्षिण अफ्रीका का दौरा और न्यूजीलैंड व भारत जैसे टीमों के खिलाफ मुकाबले जैसे व्यस्त टेस्ट कार्यक्रम हैं, जो मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा होंगे। कमिंस ने कहा कि “आने वाले क्रिकेट को देखते हुए यह साल के पहले हिस्से में सतर्क रहना सही रहेगा।”

वर्ल्ड कप से बाहर रहने के बावजूद, कमिंस ने ऑस्ट्रेलियाई टीम पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ हालिया टी20I सीरीज में मिली हार टीम की असली क्षमता नहीं दर्शाती। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान में हमारा प्रदर्शन बेहतरीन नहीं रहा, लेकिन खिलाड़ी मजबूत बिग बैश सीजन से आ रहे हैं। सभी खिलाड़ी वर्ल्ड कप की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”

टी20 वर्ल्ड कप 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टीम ग्रुप स्टेज में आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान और सह-मेजबान श्रीलंका से भिड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *