
धमतरी, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत टेलर ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हितग्राही टूल किट नहीं मिलने से परेशान होकर शासकीय कार्यालयों में भटक रहे हैं। प्रशिक्षित हितग्राही इस समस्या को लेकर सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और टूल किट दिलाने की मांग की।
इन हितग्राहियों ने बताया कि जनवरी 2024 में शासकीय आजीविका महाविद्यालय धमतरी में टेलर ट्रेड में एक हफ्ते का प्रशिक्षण लिया था। पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित टेलर दामिनी साहू, रंजीता साहू, किरण ज्योति नेताम एवं उमेश्वरी साहू ने बताया कि वर्ष 2024 के जनवरी महीने में लाइवलीहुड कालेज से टेलर (दर्जी) ट्रेड में सात दिन का प्रशिक्षण लिया था। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया था कि प्रशिक्षण के बाद शासन की ओर से टूल किट प्रदान किया जाएगा। ताकि वे स्वरोजगार शुरू कर सकें। लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक टूल किट नहीं मिलने से प्रशिक्षण लेने का इन्हें लाभ नहीं मिल रहा है। जिससे इन्हें आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
इस बैच में 30 से अधिक महिला एवं पुरुष ने प्रशिक्षण लिया था। कई बार लाइवलीहुड कालेज जाकर इसकी शिकायत कर चुके हैं लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इसी कड़ी में आज कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर टूल किट देने की मांग की है। इस दौरान गोविंद यादव, सूरज वर्मा, एमिन सिन्हा, अंबिका नेताम, अन्नपूर्णा नेताम, राजेश देवांगन सहित अन्य हितग्राही उपस्थित थे।
