Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

जनदर्शन कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित समाधान का आश्वासन

रायगढ़, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। जिला कलेक्टोरेट में सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी मांगें, शिकायतें और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने लोगों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान राशन कार्ड, चिकित्साआर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन सहित कई विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन में पुसौर विकासखंड के ग्राम छिछोरउमरिया निवासी रामगोपाल चौहान एवं रामकुमार चौहान ने अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकान की क्षतिपूर्ति राशि दिलाने का आवेदन दिया। आवेदकों ने बताया कि पटवारी द्वारा जांच एवं पंचनामा तैयार कर प्रकरण तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है, परंतु 5–6 माह बाद भी राशि प्राप्त नहीं हुई है। इसी प्रकार धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम आमापाली निवासी लोकनाथ सिंह ठाकुर ने अवगत कराया कि गांव में पानी टंकी व नल कनेक्शन का कार्य पूर्ण होने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है।

खरसिया के ग्राम ठाकुरदिया निवासी सुभाष अग्रवाल ने श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं तमनार विकासखंड की ग्राम पंचायत डोलेसरा के कठरापाली गांव के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला भवन की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए नए अतिरिक्त कक्ष निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान भवन असुरक्षित है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने सभी आवेदनों पर नियमानुसार जांच कर शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनदर्शन के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *