Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

बिलासपुर: तोमन कुमार ने पैरा तीरंदाजी में रचा नया इतिहास

बिलासपुर, 02 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। कहा जाता है कि जब इरादे मजबूत होते हैं, तो मुश्किल परिस्थितियाँ भी रास्ता नहीं रोक सकतीं। इस न्याय को सच कर दिखाया है छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के राज्य प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पैरा तीरंदाज तोमन कुमार ने, जिन्होंने 7वीं एनटीपीसी पैरा राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गर्वित किया है।

30 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक एनएसआईएस पटियाला (पंजाब) में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में तोमन कुमार ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को दोहरी सफलता दिलाई। टीम स्पर्धा में उन्होंने अमित कीर्तनिया के साथ मिलकर यह उपलब्धि प्राप्त की। बालोद जिले के निवासी तोमन कुमार पिछले दो वर्षों से बिलासपुर आर्चरी एकेडमी में तीरंदाजी का नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। वे छत्तीसगढ़ पैरा तीरंदाजी टीम के मुख्य प्रशिक्षक मनमोहन पटेल के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षण सफर में प्रशिक्षक पंकज सिंह ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

यह उल्लेखनीय है कि तोमन कुमार पूर्व में सीआरपीएफ के जवान रह चुके हैं। नक्सल ऑपरेशन के दौरान हुए आईईडी ब्लास्ट में उन्होंने अपना बायाँ पैर खो दिया, लेकिन यह कठिन घटना उनके हौसले को कमजोर करने के बजाय और भी मजबूत बना गई। इस जीवन की बड़ी चुनौती के बाद उन्होंने खेल को अपना संबल बनाया और पैरा तीरंदाजी में उत्कृष्टता हासिल की। तोमन कुमार का सपना है कि वे भविष्य में पैरा ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करें और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने देश, राज्य एवं जिले का नाम गौरवान्वित करें। वर्ष 2017 से पहले वे सक्रिय रूप से देश सेवा में रहे और आज भी उसी राष्ट्रभक्ति और जज़्बे के साथ खेल के मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। तोमन कुमार की इस ऐतिहासिक सफलता से बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ में खेल प्रेमियों में उत्साह और गर्व का माहौल है। उनकी संघर्षगाथा न केवल पैरा खिलाड़ियों बल्कि सामान्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनी है।

आज तोमन कुमार न सिर्फ एक सफल पैरा तीरंदाज हैं बल्कि छत्तीसगढ़ के पैरा खेल जगत में एक युथ आइकॉन के रूप में उभरे हैं। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश में पैरा खेलों को नई पहचान, आत्मविश्वास और दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी। तोमन कुमार की इस उपलब्धि पर खेल अधिकारी ए. एक्का सहित विभिन्न खेल संघों से जुड़े अधिकारियों ने शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *