Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

अमेरिकी नागरिक नेपाल में बड़े नेताओं के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार

काठमांडू, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। नेपाल के लगभग सभी बड़े नेताओं के नाम का दुरुपयोग कर धनराशि जुटाने वाले एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। आप्रवासन विभाग ने उक्त अमेरिकी नागरिक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। उसने धन उगाही के लिए नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा से लेकर नेकपा एमाले के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली तक के नाम का इस्तेमाल किया है।

आप्रवासन विभाग के अनुसार, उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘फंड’ जुटाने के उद्देश्य से कॉलेजों की वेबसाइटों पर राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक नेताओं के नाम और तस्वीरें प्रकाशित की थीं और उन्हें ‘आवर डायनामिक टीम’ के रूप में प्रस्तुत किया था। इन वेबसाइटों पर केपी शर्मा ओली, आरजू राणा देउवा, गगन थापा, महेश बस्नेत, विनोद चौधरी सहित कुल 13 व्यक्तियों के नाम शामिल पाए गए हैं। इसके अलावा लाइब्रेरी, कैंपस सर्विस और प्रशासनिक टीम के नाम पर भी कई प्रतिष्ठित नेपाली नागरिकों के नाम जोड़े जाने की बात सामने आई है।

विभाग के प्रवक्ता टीकाराम ढकाल के अनुसार ‘निकलेज डॉट एजु डॉट एनपी’ नामक वेबसाइट के माध्यम से इस प्रकार का प्रचार किया जा रहा था। वेबसाइट पर कोरियन भाषा, एआई सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, बिजनेस स्टडीज आदि विषयों की पढ़ाई कराए जाने का दावा किया गया था। हालांकि, इस कॉलेज को त्रिभुवन विश्वविद्यालय और पोखरा विश्वविद्यालय से संबद्ध बताया गया, लेकिन इसके समर्थन में कोई आधिकारिक प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

प्रवक्ता ढकाल के अनुसार गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक वर्ष 2014 से नेपाल आ-जा रहा था। पिछले 12 वर्षों में वह 50 से अधिक बार नेपाल आ चुका है। वह पर्यटक, वर्किंग और व्यवसायिक वीज़ा के माध्यम से नेपाल आता रहा है। व्यवसायिक वीज़ा प्राप्त करने के लिए उसने नेपाल में ‘कमसिड नेपाल प्रालि’ नाम से एक कंपनी भी पंजीकृत कराई थी। आप्रवासन विभाग के अनुसार विभिन्न प्रमाणों से यह भी पुष्टि हुई है कि वह नेपाल में चर्च प्लांटिंग सहित अन्य गतिविधियों में संलग्न रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *