Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

रायपुर सेंट्रल की टीम बनी टेबल टेनिस चैंपियन, कोरबा पश्चिम रनर-up

कोरबा 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में रायपुर सेंट्रल की टीम ने एचटीपीएस कोरबा पश्चिम की टीम को 3-1 से शिकस्त देकर जीत हासिल की। यह फाइनल मैच सोमवार को आयोजित किया गया। विजेता टीम रायपुर सेंट्रल के साथ विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अभियंता एचके. सिंह ने विनर ट्रॉफी प्रदान की।

मेन्स सिंगल में दुर्ग रीजन के रजनीश ओबेराय ने जीत हासिल की, जबकि एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के टीपी सिंह को रनर का खिताब मिला। मेन्स डबल में रायपुर के खिलाड़ी प्रशांत बापट और अनुराग शर्मा विजेता बने, जबकि एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के टीपी. सिंह और बिलासपुर रीजन के समीर तिवारी रनर-अप रहे। विमेन्स सिंगल में रायपुर की दिव्या आमडे विजयी रही, जबकि दुर्ग की शोभना सिंह को रनर का खिताब मिला।

इस बार अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता की मेज़बानी हसदेव ताप विद्युत संयंत्र, कोरबा पश्चिम ने की। रविंद्र सांस्कृतिक मंच (सीनियर क्लब) के भवन में आयोजित इस प्रतियोगिता में पावर कंपनियों की सात टीमों ने भाग लिया, जिनमें रायपुर सेंट्रल, दुर्ग रीजन, डीएसपीएम कोरबा पूर्व, एबीटीवीएस मड़वा, रायपुर रीजन, एचटीपीएस कोरबा पश्चिम और बिलासपुर रीजन शामिल थीं। समापन समारोह में विद्युत गृह से अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरके पांडेय, केएनबी. राव, एससी पाठक, एसके. नायर और परियोजना प्रबंधक एसके पंड्या ने भाग लिया। इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए क्षेत्रीय क्रीड़ा सचिव अविनेश पाठक ने खेल समिति का आभार प्रकट किया।

राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए 14 खिलाड़ियों का चयन भी किया गया है। पुरूष टीम में रजनीश ओबेराय, टीपी सिंह, अनुराग शर्मा, अनिल अग्रवाल, प्रशांत बापट, समीर तिवारी, सागर पिंपलापुरे और विवेक पटेल शामिल हैं, जबकि महिला टीम में दिव्या आमडे, शोभना सिंह, उपासी धाकड़, मोनिका दीवान, श्रद्धा वर्मा और निरंजना गवेल शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *