Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

पन्ना में ऑटो और बाइक की भयंकर टक्कर, युवक की मृत्यु, दो घायल

पन्ना, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सकरिया हवाई पट्टी के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार ककरहटी निवासी शिवम शिवहरे (19) पुत्र दुर्गेश शिवहरे अपने साथियों संजय पांडे और शिवा पांडे के साथ बाइक से पन्ना से ककरहटी जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे बेकाबू ऑटो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम शिवहरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय पांडे और शिवा पांडे को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।

ऑटो चालक फरार, तलाश जारी

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *