Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

राज्यपाल गंगवार ने राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की, पर्यटन, खेल और शिक्षा पर दिया जोर

रांची, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोक भवन में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की पर्यटन, खेल और शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा की।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जिसका गौरवशाली इतिहास न केवल भारत में, बल्कि वैश्विक स्तर पर इसकी विशिष्ट पहचान स्थापित करता है। उन्होंने झारखंड को वीरों की धरती बताते हुए कहा कि यह राज्य प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा और समृद्ध संस्कृति से परिपूर्ण है। झारखंड के जनजातीय समाज की परंपराएं और जीवनशैली प्रकृति-प्रेमी होने का परिचायक हैं।

राज्यपाल ने झारखंड की पर्यटन संभावनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य की झीलें, झरने और विश्वप्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का भ्रमण पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से आग्रह किया कि वे इन स्थलों का अवश्य भ्रमण करें और यह भी बताया कि लोक भवन के उद्यान अब आम नागरिकों के लिए खुले हैं, जहां 100 से अधिक प्रजातियों के गुलाब उपलब्ध हैं।

संवाद के दौरान प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख मेजर जनरल हरतेज सिंह बजाज़ ने जानकारी दी कि प्रतिनिधिमंडल में कुल 17 सदस्य शामिल हैं, जिनमें इथोपिया, बांग्लादेश, फ्रांस, ब्राजील और जापान के पांच विदेशी सदस्य भी हैं। प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के बारे में अधिक जानने और अध्ययन करने की इच्छा व्यक्त की।

प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में खेल क्षेत्र की संभावनाओं पर भी चर्चा की, तो राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में खेलों के प्रति विशेष अभिरुचि है। हॉकी, तीरंदाजी और फुटबॉल जैसे खेलों में राज्य का प्रदर्शन निरंतर अच्छा रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इसी राज्य से हैं, और राज्य की बेटियां हॉकी में देश का नाम रोशन कर रही हैं। हाल ही में हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) का सफल आयोजन भी हुआ है।

राज्यपाल ने उच्च शिक्षा और महिलाओं की भागीदारी पर भी विचार व्यक्त किए और कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राज्य की स्थिति अपेक्षानुरूप नहीं है, लेकिन सुधार के लिए प्रयास जारी हैं। महिलाओं की भागीदारी पर उन्होंने बताया कि राज्य की महिलाएं परिश्रमी हैं और लखपति दीदी योजना के माध्यम से सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान कर रही हैं। साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं पर भी चर्चा की।

राज्यपाल ने कहा कि उन्हें आशा है कि प्रतिनिधिमंडल झारखंड में अपने प्रवास के दौरान सुखद और स्मरणीय अनुभव प्राप्त करेगा। संवाद के बाद, प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने लोक भवन स्थित उद्यान का भ्रमण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *