Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

मध्य प्रदेश में तीन दिन तक मावठे की संभावना, 25 जिलों में अलर्ट जारी

भोपाल, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मावठा गिरने की संभावना जताई गई है। आज सोमवार को ग्वालियर, रीवा और सागर संभाग सहित कुल 25 जिलों में बरसात का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कई इलाकों में सुबह के समय कोहरे का असर भी देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार, 2 और 5 फरवरी के बीच पश्चिम-उत्तरी भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव मध्य प्रदेश में भी दिखाई देगा। इसी कारण 10 फरवरी तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। बीते रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ा रहा। नीमच और मंदसौर में तेज आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि ग्वालियर, धार, मुरैना और उज्जैन समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।

सोमवार को जिन जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है, उनमें ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, रायसेन और सीहोर समेत कई जिलों में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
3 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश के आसार हैं। 4 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 5 फरवरी को आंधी और बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन ठंड का असर बढ़ सकता है।

बारिश और कोहरा
रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और घने कोहरे का दौर रहा। ग्वालियर, उज्जैन, धार और मुरैना में रात और सुबह के समय बारिश हुई। दतिया और खजुराहो में दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट गई। खजुराहो, राजगढ़ और नौगांव में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भोपाल में सुबह 9 बजे तक कोहरा छाया रहा। शाम होते-होते नीमच और मंदसौर में तेज आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने लगे, जिससे कई गांवों में जमीन पर सफेद चादर जैसी परत दिखाई दी।

बारिश के चलते गेहूं की फसलें गिर गई हैं, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, दतिया, खजुराहो, ग्वालियर, नौगांव, सतना, रीवा, उज्जैन, श्योपुर, राजगढ़, रतलाम, गुना, दमोह, मंडला, टीकमगढ़ और मलाजखंड में कोहरे का असर अधिक रहा। हालांकि बड़े शहरों में रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *