Saturday, April 25खबर जो असर करे |
Shadow

शिमला: चिट्टा तस्करी में युवती सहित पांच लोग गिरफ्तार

शिमला, 02 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। शिमला ज़िले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस ने चिट्टा/हेरोइन से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। इन मामलों में युवती सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से चिट्टा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और नकदी बरामद की गई है।

पहले मामले में, कुमारसैन थाना क्षेत्र में, पुलिस ने रविवार शाम को गश्त के दौरान एक युवक को शक के आधार पर रोका। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 6.77 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान रितिक जिष्ठू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया और इस संबंध में थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरे मामले में, बालूगंज थाना क्षेत्र में, पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक कमरे पर छापा मारा, जहां चार लोग मौजूद थे। वहां से 10.53 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और 2512 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहित वर्मा (31 वर्ष), अमित सोनी (22 वर्ष), राकेश गर्ग (24 वर्ष) और कुमारी सिमरन चड्ढा (28 वर्ष) शामिल हैं।

इस मामले में थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *