Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

जिम जिहाद: इमरान के 30 घंटे के रिमांड में 600 किमी की यात्रा, कई रहस्य उजागर

मीरजापुर, 01 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जिम जिहाद प्रकरण में गिरफ्तार मास्टरमाइंड बताए जा रहे इमरान को 30 घंटे का पुलिस रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। रहस्यों से पर्दा उठाने के लिए पुलिस टीम ने रिमांड अवधि के दौरान आरोपित को करीब 600 किलोमीटर का सफर कराया। पूछताछ में पुलिस के हाथ कई अहम जानकारियां और दस्तावेज लगे हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार लकी समेत अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार को इमरान को जेल से बाहर लाकर मेडिकल कराया गया, इसके बाद उसे देहात कोतवाली लाया गया। वहां प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोपहर में देहात कोतवाली प्रभारी अमित मिश्र और एसओजी टीम आरोपी को सड़क मार्ग से लखनऊ ले गई। पुलिस उसे गोमतीनगर स्थित पुलिस मुख्यालय के पास उसके कार्यालय पर लेकर पहुंची, जहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए गए।

दस्तावेज बरामदगी के बाद पुलिस टीम देर रात मीरजापुर के लिए रवाना हुई। शनिवार को पूछताछ के दौरान फंडिंग, धर्मांतरण और बरामद दस्तावेजों को लेकर उससे विस्तार से सवाल किए गए। कई सवालों पर आरोपी के जवाब गोलमोल रहे। रिमांड अवधि पूरी होने से पहले उसका पुनः मेडिकल कराया गया और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल सिंह की अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *