
नई दिल्ली, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारत के तटरक्षक बल के 50वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तटरक्षक बल के जवानों को बधाई दी, साथ ही उनकी वीरता, समर्पण और समुद्री सुरक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर कहा कि भारतीय तटरक्षक बल ने देश के समुद्री तटों की रक्षा में एक मजबूत ढाल के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा, आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा में तटरक्षक बल की प्रतिबद्धता सराहनीय है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तटरक्षक बल के जवानों को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले भारतीय तटरक्षक बल के वीर जवान राष्ट्र का गौरव हैं। उन्होंने स्थापना दिवस पर बल के सभी कर्मियों को बधाई दी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी भारतीय तटरक्षक बल के 50वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा और समुद्री पर्यावरण की रक्षा में तटरक्षक बल की भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने ‘वयम रक्षामः’ का उल्लेख करते हुए जवानों के साहस, बलिदान और सेवा भावना के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त की।
